चंडीगढ़. हरियाणा के पानीपत की प्रियंका जुनेजा ने दो महीने में 13 किलो वजन कम किया और मिसेज इंडिया-2020 ब्यूटी पेजेंट में भाग लेकर जीत दर्ज की।  कोविड-19 संक्रमण के चलते इस बार यह प्रतियोगिता ऑनलाइन हुई, जिसमें 200 प्रतियोगियों को हराकर प्रियंका ने जीत दर्ज की।  साथ ही प्रियंका को अपने दो बच्चों को भी संभालना था और प्रतियोगिता की तैयारी भी करनी थी।  अब वह मिसेज वर्ल्ड पेजेंट में भाग लेने की तैयारी कर रहीं हैं।   

मिसेज इंडिया-2020 की विजेता प्रियंका जुनेजा का एसडी पीजी कॉलेज में पहुंचने पर स्वागत किया गया।  उन्होंने यहीं से शिक्षा ग्रहण की है।  उन्होंने बताया कि शादी के दस साल बाद भी अपना ख्वाब नहीं छोड़ा।  शादी से पहले मिस इंडिया पेजेंट में हिस्सा लेना चाहती थी लेकिन ऐसा हो नहीं सका। 

अब शादी के 10 साल बाद मौका मिला।  प्रतियोगिता के लिए दो महीने में 70 किलो से अपना वजन 57 किलोग्राम किया।  अब वह मिसेज वर्ल्ड ब्यूटी कांटेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिसके आयोजक देश और तिथि की घोषणा जल्द ही यूएनओ की ओर से की जाएगी।  प्रियंका ने बताया कि प्रतियोगिता के टैलेंट राउंड, नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड, पर्सनल इंट्रोडक्सन, रैंप वॉक और इंटरव्यू को क्लियर किया गया। 

अभी सोशल वेलफेयर के लिए काम करने के साथ ही गरीब बच्चों को निशुल्क पढ़ाती हैं।  कॉलेज प्रबंधन ने अपनी पूर्व छात्रा और पानीपत की बेटी की हौसला अफजाई की।  करनाल के सांसद संजय भाटिया और पानीपत के विधायक प्रमोद विज ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।