/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/27/1-1632737489.jpg)
शादी एक पवित्र बंधन होता है। हिंदू धर्म में तो इसे जन्मों-जन्मों का रिश्ता माना जाता है। लेकिन कुछ लोग शादी की आड़ में लूटपाट करते हैं। इसके लिए कई गिरोह एक्टिव हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला हरियाणा के रोहतक से सामने आया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, रोहतक में रहने वाले एक दूल्हे ने दो महीने पहले छत्तीसगढ़ की एक लड़की से शादी की थी। लेकिन शादी के नाम उसे धोखा मिला। पीड़ित परिवार अब अपनी गलती पर पछता रहा है। कल तक जिस घर में दुल्हन के आने से खुशी छाई हुई थी, वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ है।
बता दें कि सुरेश कुमार ने दो महीने पहले आरती नाम की एक लड़की से शादी की थी। दो दिन पहले आरती अचानक गायब हो गई। घर और आसपास के इलाके में उसे ढूंढा गया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। दुल्हन के साथ घर से 70 हजार रुपये कैश और जेवर भी गायब मिले। ये पैसे सुरेश कुमार की मां के ऑपरेशन के लिए रखे गए थे।
इसके बाद दूल्हे ने छत्तीसगढ़ के भिलाई में रहने वाले बिचौलिए को फोन किया तो पता चला कि आरती ने उसे फोन किया था। आरती ने उससे कहा कि वो छत्तीसगढ़ जा रही है। फिर पीड़ित परिवार ने लुटेरी दुल्हन के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई।
पीड़ित दूल्हे ने बताया कि दुल्हन ने रात में चाय में कोई नशीली चीज मिलाकर उसे पिला दी थी, जिसकी वजह से वो सोता रह गया और दुल्हन घर से भाग गई। दूल्हे ने कहा कि अगर दुल्हन को कोई समस्या थी तो वो पहले तलाक ले लेती और फिर जाती। दुल्हन के ऐसे अचानक घर से भागने और चोरी करने से वो हैरान है।
सुरेश कुमार की मां ने बताया कि उन्होंने शादी करवाने के लिए बिचौलिए को 70 हजार रुपये दिए थे। दुल्हन को खुश करने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी थी। चोरी करके दुल्हन ने उनका भरोसा तोड़ा है। समाज में उनकी बदनामी हो गई है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |