/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/12/12/01-1607770276.jpg)
त्रिपुरा में छह दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद कुमार सोनकर की यात्रा के दौरान ‘ बिप्लब हटाओ’ का नारा लगाने वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव ने भाजपा नेताओं से सोनकर की यात्रा के दौरान ‘बिप्लव हटाओ-त्रिपुरा बचाओ’ का नारा लगाने वाले लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया था।
कथित रूप से त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों से अब तक छह लोगों की पहचान कर उनके साथ मारपीट की गई है। दक्षिण त्रिपुरा में बेलोनिया से भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव अजिताभ मजूमदार ने कल रात अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ और दो अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी कार्यालय में ‘ बिप्लव हटाओ’ का नारा लगाने पर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सिपाहीजला जिले के बिशालगढ़ में 10 दिसंबर को तीन अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी हमला किया गया था।
मजूमदार ने आरोप लगाया कि उनके साथ दो अन्य लोगों को बेलोनिया में भाजपा कार्यालय ले जाया गया और मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में बिप्लव देव के खिलाफ नारे लगाने के आरोप में पीटा गया। उन्होंने आरोपो का खंडन करते हुए कहा कि उनका परिवार वामपंथी विरोधी है और मैं बेंगलुरू में नौकरी छोड़ने के बाद 2017 में भाजपा में शामिल हुआ था। हमने पार्टी को सत्ता में लाने के लिए कड़ी मेहनत की और मुझे युवा मोर्चा का नेता भी बनाया गया।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |