उत्‍तर भारत के कई राज्‍यों में आज दिन बेहद ठंडा रहना का अनुमान है। दिल्‍ली-एनसीआर समेत उत्‍तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में कोहरे की चादर लिपटी नजर आ रही है। मौसम विभाग ने आज राष्ट्रीय राजधानी के लिए 'मध्यम कोहरे' का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने आज देश के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। जम्मू-कश्मीर के साथ ही लद्दाख में भारी बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में मैदानी इलाकों में ठंड का कहर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि आज देश के कई राज्‍यों में कोहरा देखने को मिल सकता है। ऐसा दिखाई भी दे रहा है। दिल्‍ली, यूपी, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के अधिकांश हिस्‍सों में घना कोहरा छाया हुआ है। अगले पांच दिनों तक देश के कई राज्‍यों में ऐसी ही ठंड देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिन तक मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी अधिक कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही अगले 2 से 3 दिनों तक बिहार और पश्चिम बंगाल के अधिकांश क्षेत्रों भी अधिक कोहरा छाया रहने का अनुमान है।

तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज बारिश का अनुमान जताया गया है। दरअसल, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और मालदीव क्षेत्र पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में यह और प्रभावी होगा।

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर भी एक अन्य चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्‍मीद नहीं है।