21 जनवरी के दिन कई अहम घटनाएं इतिहास में दर्ज हैं। भारत के इतिहास में आज का दिन इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि आज के ही दिन 1972 में तीन नए राज्यों को दर्जा प्राप्त हुआ था। इस दिन मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के रूप में तीन राज्यों का उदय हुआ था। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को अलग राज्य बने आज पूरे 49 साल हो गए हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम 1971 के तहत मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा को 21 जनवरी 1972 को अलग राज्य का दर्जा दे दिया गया था। इस मौके पर राष्ट्रपति सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तीनों राज्यों के लोगों को बधाई दी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'राज्य दिवस पर मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के अद्भुत लोगों को बधाई। प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के साथ धन्य, ये राज्य आकर्षक हैं। वे विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। मेरी तरफ से शुभकामनाएं।'

पीएम मोदी ने तीन ट्वीट किए। उनके पहले ट्वीट में कहा गया, 'मणिपुर के लोगों को राज्य दिवस की बधाई। भारत को मणिपुर के राष्ट्रीय विकास में योगदान पर गर्व है। मणिपुर नवाचार और खेल प्रतिभा का एक पावरहाउस है। मैं राज्य को प्रगति की दिशा में अपनी यात्रा के लिए शुभकामनाएं देता हूं।'

पीएम मोदी ने अपने अगले ट्वीट में कहा, 'त्रिपुरा के लोगों को उनके राज्य दिवस के विशेष अवसर पर शुभकामनाएं। त्रिपुरा के लोगों की संस्कृति और गर्मजोशी प्रकृति की पूरे भारत में प्रशंसा की जाती है। राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रगति हासिल की है। ऐसी भावना कायम रहे।'

मेघालय की बहनों और भाइयों को उनके राज्य दिवस पर, मेरी ओर से शुभकामनाएं। यह राज्य अपनी उल्लेखनीय दयालुता और भाईचारे की भावना के लिए जाना जाता है। मेघालय के युवा रचनात्मक और उद्यमी हैं। आने वाले समय में राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।