/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2022/05/26/01-1653549622.jpg)
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। 15 मई को पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से साहा की राष्ट्रीय राजधानी की यह पहली यात्रा थी।
ये भी पढ़ेंः भाजपा को मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद सोनकर अगरतला पहुंचे
साहा ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति भवन में भारत के माननीय राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मिलने का अवसर पाकर अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी आगे की यात्रा के लिए उनका आशीर्वाद मांगा। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने भी ट्वीट किया कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा ने अपनी पत्नी स्वप्ना साहा के साथ राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। रक्षा मंत्री सिंह ने बैठक के दौरान साहा के सफल कार्यकाल की कामना की।
ये भी पढ़ेंः अब त्रिपुरा में जल्द तैयार होगी नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति, मंत्रिमंडल ने लिया बड़ा फैसला
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि नई दिल्ली में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुझे विश्वास है कि वह अपने राज्य को प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे ले जाएंगे। मैंने उनके आगे के सफल कार्यकाल की भी कामना की। साहा ने यह भी कहा कि उन्होंने गृह मंत्री से मुलाकात की और त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए उनका निरंतर मार्गदर्शन मांगा। साहा ने ट्वीट किया कि केंद्रीय गृह मंत्री से मिलकर प्रसन्नता हुई। उनके निरंतर मार्गदर्शन के लिए अनुरोध किया ताकि मैं राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए खुद को समर्पित कर सकूं। बता दें कि बिप्लब कुमार देब के पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद साहा ने 15 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |