/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/11/22/1-1637567003.jpg)
त्रिपुरा पुलिस (Tripura Police) ने रविवार को पश्चिम बंगाल (West Bengal) की तृणमूल कांग्रेस की नेता सायानी घोष को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घोष पर शनिवार रात को मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब (Biplab Kumar Deb) की एक नुक्कड़ सभा के दौरान उन्हें धमकी देने का आरोप है। घोष ने बैठक स्थल पर पहुंचकर कथित तौर पर 'खेला होबे' के नारे लगाकर सभा को बाधित किया। अब जानते हैं कि आखिर कौन हैं सायानी घोष, जिन्होंने रेड कार्पेट से लेकर सियासत की गलियों तक का सफर तय किया।
घोष भारतीय फिल्म उद्योग का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत साल 2012 में कॉमेडी फिल्म नटोबार नॉटआउट से की थी। घोष प्रमुख रूप से बंगाली फिल्मों और टीवी का हिस्सा रही हैं। इसके अलावा भी उन्होंने साल 2011 में शोत्रु, 2015 में राजकहिनी, 2016 में ब्योमकेश ओ चिड़ियाखाना और 2017 में मेघनाद बाढ़ रहस्य जैसी फिल्मों में काम किया है।
27 जनवरी 1993 में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में जन्मीं घोष लोकप्रिय एक्टर के अलावा प्लेबैक सिंगर भी हैं। उन्होंने साल 2012 से लेकर अब तक करीब 8 फिल्मों के गानों में अपनी आवाज दी है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि सायानी घोष स्कूल में दिनों में बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी भी रही हैं।
साल 2021 में घोष को पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल दक्षिण सीट से उम्मीदवार घोषित किया था। इसके अलावा वे बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रचार अभियान के बड़े चेहरों में भी शुमार थीं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अग्निमत्र पॉल के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस सियासी जंग में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। टीएमसी ने उन्हें जून 2021 में युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया था। इससे पहले ये जिम्मेदारी अभिषेक बनर्जी संभाल रहे थे।
सियासत और फिल्मों के अलावा घोष का नाम कई विवादों से भी जुड़ा है। इस साल जनवरी में घोष और भाजपा नेता तथागत रॉय के बीच श्रीराम के नाम के बयान पर ट्विटर वार शुरू हो गया था। इसके बाद रॉय ने बंगाली एक्टर के एक पुराने ट्वीट पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार घोष ने साल 2015 में एक विवादित तस्वीर पोस्ट की थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद एक्टर ने कहा था कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |