/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/09/17/a-1600321284.jpg)
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब पश्चिम बंगाल में चुनाव संबंधी कई कार्यक्रमों और रैलियों में शामिल होंगे। अधिकारियों और पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने कहा कि बंगाल में अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान देब चुनावी राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार और बुधवार को कई रोड शो, रथ यात्रा और चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
देब ने हाल ही में दावा किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार को इस बार हार का मुंह देखना होगा और उनकी पार्टी सत्ता में आएगी। देब जनवरी 2015 से पिछले साल 15 जनवरी तक भारतीय जनता पार्टी की त्रिपुरा राज्य समिति के अध्यक्ष थे। उनके बाद डेंटिस्ट से राजनेता बने माणिक साहा को राज्य पार्टी प्रमुख बनाया गया। 49 वर्षीय देब नौ मार्च, 2018 को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बने थे।
पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव अप्रैल-मई में होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के प्रभारी उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि अपने दौरे के दौरान जैन जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |