कभी न कभी लोग समय निकालकर अपने परिवार संग या फिर दोस्तों संग घूमने जरूर जाते हैं। कोई हिल स्टेशन जाना पसंद करता है, तो कोई ऐसी जगह पर जहां जाकर उन्हें सुकून मिल सके। लेकिन कई लोग ऐसे होते हैं जिन्हें धार्मिक जगहों पर घूमना ज्यादा अच्छा लगता है। ऐसी ही एक जगह है अयोध्या, जो कि दुनिया के सबसे पुराने और प्रसिद्ध स्थलों में से एक है। मौजूदा समय में यहां एक विशाल राम मंदिर बनाने का काम जारी है, जिसके बाद ये काफी बड़ा पर्यटन स्थल बन जाएगा। लेकिन आप अगर अभी अयोध्या घूमने जा रहे हैं, तो हम आपको इसके आसपास की कई ऐसी जगह बताने जा रहे हैं। जहां आप यात्रा कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इन जगहों के बारे में।


दशरथ महल


अगर आपने रामायण देखी है या इस बारे में आप जानते हैं, तो आपको ये पता होगा कि भगवान श्री राम चंद्र के पिता दशरथ थे। वहीं, अयोध्या में दशरथ महल स्थित है। जहां आप जा सकते हैं। मौजूदा समय में ये जगह एक तीर्थस्थल है, और यहां पर रोजाना भक्ति गीतों का जाप किया जाता है। यहां की सबसे बड़ी खासियत है यहां का रंगीन और राजसी डिजाइन वाला प्रवेश द्वार। इसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। हर साल यहां काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं और इस महल के दर्शन करते हैं।

सीता की रसोई


भारत में जितना ही भगवान रामचंद्र को पूजा जाता है, उतना ही उनकी पत्नी व माता सीता को भी पूजा जाता है। आप अगर अयोध्या जा रहे हैं, तो वहां आपको सीता मां का एक छोटा मंदिर मिलेगा। इसे सीता की रसोई के नाम से जाना जाता है। ये मूल रूप से पारंपरिक बर्तनों से बना एक प्रातीकात्मक रसोईघर है। ये जगह सरयू नदी से आधे घंटे की दूरी पर स्थित है और आप यहां पैदल पहुंच सकते हैं। यहां जाकर एक अलग अनुभव होता है, और ये जगह देखने में काफी अच्छी है।

हनुमान गढ़ी


आपने शायद अयोध्या गढ़ी का नाम तो सुना ही होगा, क्योंकि ये काफी प्रसिद्ध मंदिर है। साथ ही ये अयोध्या के सबसे महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक है। हिंदू पौराणिक कथाओं में माना जाता है कि जब भगवान हनुमान प्रभु श्रीराम संग अयोध्या रहते थे, तो उन्हें ये जगह दी गई थी और आज यहां पर हनुमान गढ़ी है। कहा जाता है कि इसी जगह से हनुमान जी पूरे शहर की रखवाली करते थे। हालांकि, बाद में इस जगह पर मंदिर बना दिया गया और यहां माता अंजनी की गोद में बैठे बाल हनुमान की मूर्तियों को स्थापित किया गया। आप यहां भी जा सकते हैं और इस मंदिर के दर्शन कर सकते हैं।

कनक भवन


अयोध्या में कनक भवन भी है जो कि एक सुंदर महल है। ये हमेशा से पारंपरिक संगीत और भक्ति गीतों के लिए जाना जाता है। मान्यताओ के अनुसार, ये वो महल था, जो भगवान राम की शादी के बाद माता कैकेयी ने सीता को उपहार स्वरुप दिया था। कहा जाता है कि इस जगह पर भगवान राम और सीता रहते थे। वहीं, दो हजार साल पहले राजा विक्रमादित्य और 1891 में ओरछा की रानी कृष्ण भानु कुंवरी ने इसे पुर्ननिर्मित किया था। जो भी सैलानी अयोध्या जाते हैं, वो यहां जाना कभी नहीं भूलते। आप भी यहां घूमने जा सकते हैं।