चारों ओर सफेद रूई जैसी बर्फ। बर्फ की दीवारें, बिस्तर भी बर्फ पर। यह नजारा कनाडा के होटल में दिखने लगा है। द आइस होटल डे ग्लास को साल 2021 में दोबारा से बनाया गया है, जिसमें इस बार शादियों के लिए हॉल की भी व्यवस्था है, जबकि बर्फ से बने कमरे भी हैं। नॉर्थ अमरीका के क्यूबैक शहर में बने इस होटल को हर साल बनाया जाता है और यह पांचवां साल है, जब इसे दोबारा बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार इस साल के लिए होटल की एक थीम भी चुनी गई है, जिसका नाम है क्यूबैक की कहानियां और महान हस्तियां। होटल में बड़ा हॉल है, जहां शादियां की जा सकती हैं। अलग-अलग थीम पर बने कई कमरे बने हैं। बार भी बनाया गया है, वह भी बर्फ का है। होटल के थीम का आधार दुनिया के अब तक के विकास को लेकर है, जहां बर्फ और स्नो प्रकृति की सबसे बड़ी कलाकारी के रूप में दिखाए गए हैं।

होटल में एक सुइट को हॉकी की थीम पर बनाया गया है, जिसे क्यूबैक के पी-वी हॉकी टूर्नामेंट को समर्पित किया गया है। यह टूर्नामेंट पिछले साल महामारी के कारण रद्द करना पड़ा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक होटल के एक बाथरूम में हॉट बाथ टब और सोना बाथ है, जो खुले आसमान के नीचे है। 30 हजार स्क्वॉयर फीट में इस होटल को बनाने का काम दिसंबर में शुरू हुआ था, जिसको 50 से ज्यादा कर्मचारियों ने छह सप्ताह में तैयार किया। होटल का बेस बर्फ से तैयार किया गया है। कई जगह बर्फ जैसा दिखने वाला सफेद पदार्थ इस्तेमाल किया गया है।