अगर आप हिल स्टेशन पर जाने के लिए उत्तराखंड और हिमाचल की जगहों को चुनते हैं, तो आपको एक बार अपनी लिस्ट में नॉर्थईस्ट को जरूर शामिल करना चाहिए। वैसे तो नार्थईस्ट से सभी राज्य बेहद ही खूबसूरत हैं, लेकिन सिक्किम (beautiful destinations of Sikkim) की बात ही कुछ और है। इस खबर में हम आपको सिक्किम की खूबसूरती से रूबरू करवा रहे हैं। 

सिक्किम की सोम्यो झील (Sikkim Somyo Lake) अपने आप में खूबसूरती का खजाना है। ये झील एक किलोमीटर लंबी है और अंडाकार है। मई और अगस्त के बीच झील का इलाका बेहद खूबसूरत हो जाता है। दुर्लभ किस्मों के फूल यहां देखे जा सकते हैं। इनमें बसंती गुलाब, आइरिस और नीले-पीले पोस्त शामिल हैं। झील में जलीय और पक्षियों की कई प्रजातियां मिलती हैं। लाल पांडा (red panda) के लिए भी यह एक मुफीद जगह है। सर्दियों में झील का पानी जम जाता है। वहीं सर्दियों की शुरुआत में यहां घूमने आई जम्मू कश्मीर की एक फैमिली के सदस्य अब्दुल्ल खान का कहना है कि हमनें सिक्किम के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन आज यकीन हो चुका है ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। हमने यहां के कई इलाके घूमें, सभी बेहद ही खूबसूरत हैं। 

वहीं पेलिंग (Sikkim Pelling) तेजी से लोकप्रिय पर्यटन स्थल बनता जा रहा है। 6,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित इसी जगह से दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट कंचनजंघा (mount kangchenjunga) को सबसे करीब से देखा जा सकता है। यह स्थान तो खूबसूरत है ही, पेलिंग के अन्य आकर्षण हैं सांगा चोइलिंग मोनास्ट्री, पेमायंगत्से मोनास्ट्री और खेचियोपालरी लेक। वहीं यूपी से घूमने आए विवेक पांडे ने कहा कि वे नॉर्थईस्ट के असम (Assam) और मिजोरम (Mizoram) राज्य को घूम चुके हैं। अब उनकी लिस्ट में सिक्किम है। विवेक का कहना है कि सिक्किम की खूबसूरती को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यहां तो ऐसा लगता है कि बादल खुद आपसे मिलने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता ही नहीं है कि हम भारत में है, ये जगह किसी विदेश से कम नहीं है। 

बता दें कि राजधानी गंगटोक (gangtok) पहुंचने के लिए रेल न्यू जलपाईगुड़ी (New Jalpaiguri) तक जाती है। उससे आगे का रास्ता सड़क मार्ग से 4 से 5 घंटे में तय किया सकता है। बागडोगरा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा बड़ी आसानी से यह सफर मात्र 35 मिनट में तय किया जा सकता है। इसके लिए पहले से बुकिंग करनी होती है।