इंडियन प्रीमियर लीग सीजन-12 में धमाल मचाने वाले असम के युवा क्रिकेटर रियान पराग ने रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल से मुलाकात की। पराग पहली बार खेलते हुए इस साल हुए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। वे राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक अर्धशतक भी लगाया। इसके साथ ही वे आईपीएल इतिहास में फिफ्टी पूरी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इस मुलाकात में पराग के साथ असम क्रिकेट एसोसिएशन और राजस्थान रॉयल्स के अधिकारी भी मौजूद थे।


इसकी जानकारी मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट के जरिए दी। सोनोवाल ने लिखा, 'असम के क्रिकेट सेंसेशन रियान पराग के साथ असम क्रिकेट एसोसिएशन और राजस्थान रॉयल्स के अधिकारियों से मिलकर काफी खुशी हुई। इस क्षेत्र में क्रिकेट की संभावनाओं के बारे में बेतहरीन चर्चा हुई। इसके साथ ही रियान को उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'


बता दें कि रियान आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में फिफ्टी पूरी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। ये कारनामा 17 साल और 175 दिन की उम्र में किया। उनसे पहले ये रिकॉर्ड संजू सैमसन के नाम दर्ज था, जिन्होंने 18 साल और 169 दिन की उम्र में साल 2013 में अर्धशतक लगाया था।

बता दें कि पराग ने आईपीएल में 7 मैचों में 5 इनिंग में 160 रन बनाया। जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। आईपीएल में उनका स्ट्राइक रेट 126.98 का था। उन्होंने कुल 14 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं बॉलिंग की बात करें तो पराग ने 7 मैचों के 7 इनिंग में 84 गेंद में 121 रन देकर दो विकेट लिए।


गौर हो कि असम के क्रिकेटर रियान पराग पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा थे। उन्हें राजस्थान के जयपुर में हुए आईपीएल निलामी में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। बता दें कि उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 20 लाख रुपए में आईपीएल नीलामी में खरीदा था। हालांकि वह नीलामी में सबसे सस्ते बिके खिलाड़ियों में से एक थे।

आईसीसी अंडर -19 क्रिकेट वर्ल्ड के लिए 16 सदस्यीय टीम में चुने गए पराग ने युवा टेस्ट में दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जमाई थी। उन्होंने मुंबई में अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया रेड के लिए शतक लगाया था। उनका जन्म असम के गुवाहाटी में 10 नवंबर 2001 को हुआ था।


उन्होंने अपना ट्वंटी-20 डेब्यू असम की टीम में 2016-17 में किया था। 2017 में रियान इंटर स्टेट ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में खेले थे। इसके बाद इनका चयन इंडियन टीम में 2017 एसीसी अंडर-19 एशिया कप के लिए किया गया। वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इनका डेब्यू 2017-18 में रंजी ट्रॉफी के लिए असम के टीम में हुआ। पिछले साल दिसंबर में इनका चयन 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए हुआ। इन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में सात मौचों में 248 रन बनाए थे।