चोरी के दो अलग-अलग मामलों में प्रधान नगर थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के नाम संजय भगत और दुर्गा उरांव बताया गया है। आरोपितों में शामिल संजय भगत पुलिस रिकार्ड में पुराना दागी है। दोनों आरोपितों को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 26 नवंबर को सिक्किम नंबर की एक टैक्सी चोरी होने की शिकायत प्रधान नगर थाने में दर्ज हुई। मामले की जांच के दौरान बीते शनिवार की रात प्रधान नगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस ने शहर से सटे चंपासारी ग्राम पंचायत के देवीडांगा इलाके से चोरी की टैक्सी बरामद की। टैक्सी चुराने के आरोप में देवीडांगा निवासी संजय भगत को भी गिरफ्तार किया। आरोपित संजय भगत चोरी-छिनताई के आरोप में कई बार गिरफ्तार हो चुका है। बल्कि कई अपराधिक मामलों में पुलिस को इसकी तलाश थी। वहीं चोरी के एक दूसरे मामले में प्रधान नगर थाना के सफेद पोशाक पुलिस टीम ने देवीडांगा इलाके से एक और आरोपित दुर्गा उरांव को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपित दुर्गा उरांव रात के समय इलाके में खड़ी मालवाही गाड़ियों का सामान चुराया करता था। इसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हैं।

प्रधान नगर थाना पुलिस ने बताया कि संजय भगत के पास से चोरी की टैक्सी बरामद की गई है। वहीं आरोपित दुर्गा के पास से भी कई वाहनों से चुराया सामान बरामद हुआ है। दोनों आरोपितों को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संजय भगत की गिरफ्तारी से उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जांच भी तेज किया गया है।