हाथी दांत के साथ बैकुंठपुर वन विभाग के सालुगाड़ा रेंज की टीम ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में से एक इंडियन रिजर्व बटालियन आईआरबी का जवान बताया जा रहा है। सभी आरोपित पड़ोसी राज्य सिक्किम के रहने वाले हैं। आरोपितों को सोमवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर दिया गया है। मामले की छानबीन और गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्त में लेने के लिए वन विभाग ने रिमाड की गुहार अदालत से लगाई है।

गुप्त सूचना के आधार पर सालुगाड़ा रेंज के रेंजर संजय दत्त ने बैकुंठपुर वन विभाग के एडीएफओ जयंत मंडल की अनुमति लेकर बीते रविवार की रात डुआर्स के उदलाबाड़ी इलाके में घात लगाया। सूचना के मुताबिक सिक्किम नंबर की दो गाड़ी उदलाबाड़ी के एक होटल पर रुकी। मौका देखकर रेंजर संजय दत्त की टीम ने सभी को धर दबोचा। इनके पास से हाथी का दांत बरामद हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार बरामद हाथी दांत की लंबाई 41 सेंटीमीटर और गोलाई 17 सेंटीमीटर है। हाथी दात का कुल वजन 1.019 किलोग्राम है। बरामद हाथी दांत को जब्त करने के साथ सालुगाड़ा रेंज ने आरोपितों का दोनों वाहन भी जब्त किया है। आरोपितों के नाम गंधुप लेप्चा (30), धन बहादुर प्रधान (38), रोहित तमाग (49), दावा शेरपा (39), गणेश छेत्री (27) और सैमसन लेप्चा (28) बताया गया है।

आरोपितों में शामिल सिक्किम के नामची स्थित कोलथाग गाव निवासी गणेश छेत्री इंडियन रिजर्व बटालियन का कास्टेबल बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गंधुप लेप्चा और सैमसन लेप्चा सिक्किम के गेजिंग स्थित सोमबाड़ी के दरामदिन, रोहित अरिथाग, दावा शेरपा नामची के जोड़ेबाड़ी और धन बहादुर प्रधान ईस्ट सिक्किम के दंग-दंग का निवासी बताया गया है। वन विभाग के मुताबिक आरोपित इंडियन रिजर्व बटालियन का जवान गणेश छेत्री ही बहुमूल्य वन्यजीव देहावशेष तस्करी गिरोह का सरगना है। इसके पहले भी वह कई वन्यजीव के देहावशेषों की तस्करी कर चुका है। बरामद हाथी दांत पड़ोसी राज्य असम से लाया गया है। दात के लिए असम के जंगलों में एक हाथी की हत्या किए जाने की संभावना वन विभाग को है।