/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/07/2-1631003275.jpg)
भारी बारिश से हुए भूस्खलन की वजह से सिक्किम देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। सिक्किम में इन दिनों भारी मात्रा में बारिश हो रही है, जिससे नेशनल हाईवे-10 पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन के कर्मी पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग में 29 मील इलाके में हाईवे को साफ करने में जुटे हुए हैं, जो भारी बारिश के कारण ब्लॉक हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुए भूस्खलन से मलबा लगभग 70 मीटर तक फैल गया है और एकतरफा ट्रैफिक के लिए सड़क को साफ करने में कुछ वक्त लगेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल गाड़ियों को एक अल्टरनेट नैरो और लंबी सड़क से मोड़ा जा रहा है, जो दार्जिलिंग की पहाड़ियों से होकर गुजरती है। ये इलाका राज्य की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के लिए एक मुसीबत वाली जगह है। ये इलाका सिक्किम के सीमा वाले कस्बे रांगपो से 60 किमी दूर है। इस मानसून में अब तक कम से कम चार बार भूस्खलन के कारण इस हाईवे को ब्लॉक किया गया है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी हालात कुछ सिक्किम जैसे ही हैं। यहां भी भारी बारिश के कारण एक बार फिर भूस्खलन हो गया है, जिसकी वजह से नेशनल हाईवे-5 पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है। शिमला के ज्योरी में भूस्खलन आया है। नीचे दी गई वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस रफ्तार से पत्खर नीचे खिसकर आ रहे हैं। इसे 3 दिन पहले भी देवनगर के समीप विकासनर-पंथाघाटी सड़क मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ था और सड़क किनारे खड़ी तीन कार क्षतिग्रस्त हो गई थी।
मालूम हो कि उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को मनरेगा योजना में काम कर रही एक महिला की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मनरेगा के तहत चल रहे कार्य के दौरान पोखरी विकास खंड के मल्ला बीणा गांव में हुआ, जहां मजदूरी करने वालों में ये दो महिलाएं भी शामिल थीं। इसी दौरान भूस्खलन की चपेट में आने से एक की मौत हो गई और एक दूसरी महिला घायल हो गई। पोखरी के उपजिलाधिकारी वैभव कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला सुनीता देवी को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतक महिला की पहचान रोशनी देवी (30) के रूप में हुई है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |