/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/11/26/a-1606379777.jpg)
थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय दौरे पर हैं। एक रक्षा अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। रक्षा अधिकारी ने बताया कि सोमवार को नगालैंड में दीमापुर पहुंचने के बाद थल सेना प्रमुख को सेना के अधिकारियों ने उत्तरी सीमा के साथ ही असम, नगालैंड, मणिपुर और अरूणाचल प्रदेश में सेना की संचालन तैयारियों के बारे में अवगत कराया।
अधिकारी ने बताया कि थल सेना प्रमुख को नगा शांति वार्ता की प्रगति से भी वाकिफ कराया गया। नरवणे ने मंगलवार को नगालैंड और मणिपुर में सेना और असम राइफल्स के विभिन्न मुख्यालयों का दौरा किया और जमीनी हालात से अवगत हुए। एक बयान में कहा गया, ‘थल सेना प्रमुख ने सुदूर क्षेत्रों में तैनात सैनिकों से बातचीत की और संचालन तैयारियों, मनोबल और जनता अनुकूल अभियानों के लिए उनकी सराहना की।’
नरवणे ने नगालैंड के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो से राज्य में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर बातचीत की। थल सेना प्रमुख बुधवार को असम राइफल्स द्वारा चलाए जाने वाले कोहिमा अनाथालय के नए आवासीय परिसर का उद्घाटन करेंगे।
बताते चलें कि पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को लेकर चीन के साथ जारी तनातनी के बीच सेना प्रमुख का पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम से चीन की सीमाएं लगती है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले महीने बंगाल व सिक्किम का दो दिवसीय दौरा किया था और उन्होंने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया था। सिंह ने विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजा भी की थी और सीमावर्ती इलाके में सैनिकों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया था।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |