सिक्किम में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 111 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 20,777 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।

बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई और मृतकों की संख्या 308 पर स्थिर है। बुलेटिन में कहा गया है कि नये मरीजों में 58 संक्रमित दक्षिण सिक्किम में मिले हैं, इसके बाद पूर्वी सिक्किम में 41 नये मरीज मिले। सिक्किम में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,062 हो गयी है जबकि राज्य में अब तक 18,154 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं।

प्रदेश में अब तक 1,65,117 नमूनों की कोविड-19 जांच की गयी है, जिसमें से 619 नमूनों की जांच बीते 24 घंटे में की गयी। संक्रमण की दर 17.9 प्रतिशत है जबकि ठीक होने की दर बढ़कर 87.3 प्रतिशत हो गयी है।