/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/05/04/01-1620116779.jpg)
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुये 16 से 30 मई तक लॉकडाउन लगाने की शनिवार को घोषणा की। लॉकडाउन के दौरान, ट्रेन, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों पर रोक रहेगी। इसके अलावा सभी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान भी बंद रहेंगे, लेकिन आवश्यक सेवाओं का संचालन जारी रहेगा। शुक्रवार को राज्य में कोरोना के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 20,846 नये मामले सामने आये और इस दौरान 136 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गई।
इससे पहले कोरोना के चलते सीएम ममता बनर्जी के छोटे भाई असीम बनर्जी का निधन हो गया। वह पिछले एक महीने से कोरोना से संक्रमित थे। असीम कोलकाता के मेडिका सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती थे। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, असीम का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा। गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट जारी है और पिछले 24 घंटो के दौरान साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने इस महामारी को मात दी है जिससे रिकवरी दर बढ़कर 83.83 फीसदी हो गयी है। इस बीच शुक्रवार को 11 लाख 03 हजार 625 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये। देश में अब तक 18 करोड़ 04 लाख , 57 हजार 579 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में तीन लाख 53 हजार 299 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक दो करोड़ 04 लाख 32 हजार 898 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इस दौरान 3,26,098 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढकऱ दो करोड़ 43 लाख 72 हजार 907 हो गया। सक्रिय मामले 31,091 कम होकर 36 लाख 73 हजार 802 हो गये हैं। इसी दौरान 3890 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढकऱ 2,66,207 हो गयी है। देश में सक्रिय मामलों की दर घटकर 15.07 प्रतिशत हो गयी है, वहीं मृत्युदर अभी 1.09 फीसदी है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |