/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/02/17/weather-report-1613531615.jpg)
भारतीय मौसम पश्चिमी विक्षोभ की चपेट में आ चुका है जिसकी वजह से बर्फबारी और बारिश होने से ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। उत्तराखंड में बर्फबारी की भी चेतावनी जारी की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ बारिश को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। हिमाचल प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बर्फबारी और हल्की से मध्य बारिश तक की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश में बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, बालाघाट में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 16-19 फरवरी के बीच विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 15 से -18 फरवरी के दौरान उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।
शिमला स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 21 फरवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। सिंह ने कहा कि आदिवासी जिला लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ हिमाचल प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। लिहाजा यहां के 15 जिलों में एहतियात के तौर पर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। IMD के मुताबिक विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |