उत्तराखंड के चमोली में हुए भीषण हादसे में ITBP के जवान रेस्क्यू में जुटे हैं और इस टीम को लीड कर रही हैं IPS ऑफिसर अपर्णा कुमार। ITBP की DIG अपर्णा दुनिया की 7 चोटियों को फतह करते हुए वहां भारत का तिरंगा झंडा फहरा चुकी हैं। दरअस, सरकार ने उत्तराखंड में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान अपर्णा को सौंपी है। अपर्णा ITBP की DIG हैं। कर्नाटक के शिवमोगा की रहने वाली अपर्णा साल 2002 कैडर की IPS अधिकारी हैं। स्कूलिंग कर्नाटक में हुई। इसके बाद इन्होंने BA, LLB की पढ़ाई की। पति संजय कुमार भी यूपी कैडर के IAS अफसर हैं।

अपर्णा कुमार 7 समिट्स यानी दुनिया की 7 सबसे ऊंची चोटियों, पर तिरंगा फहराने वाली देश की पहली IPS ऑफिसर हैं। इन्होंने माउंट एवरेस्ट, माउंट किलिमंजारो, माउंट एल्ब्रुश, कार्सटेंस पिरामिड, विन्सन मैसिफ, माउंट एकांकागुआ और माउंट डेनाली पर चढ़ाई करने में कामयाबी हासिल की है। ये सभी चोटियां 7 अलग-अलग महाद्वीपों में हैं।

अपर्णा ने अपनी जिंदगी में पहली बार 2002 में बर्फ से ढंके पहाड़ों को देखा। वे बताती हैं कि उस वक्त वो मसूरी में एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज की ट्रेनिंग कर रहीं थीं। तभी मन बना लिया था कि वो पहाड़ों पर चढ़ाई करेंगी। हालांकि, अपने सपने को पूरा करने के लिए पहला कदम बढ़ाने में उन्हें 11 साल लग गए। 2013 में उन्होंने माउंटेनियर फाउंडेशन का कोर्स किया। तब उनकी उम्र 39 साल हो चुकी थी।
अपर्णा माउंटेनियर कोर्स पूरा करन के एक साल बाद ही यानी 2014 में पहली बार अफ्रीका की सबसे ऊंची माउंट किलिमंजारो (19,340 फीट) की चोटी पर चढ़ीं। इसी साल ऑस्ट्रेलिया और ओशिनिया के सबसे ऊंचे पर्वत कार्स्टेंस पिरामिड (16,024 फीट) पर फतह हासिल की।
2015 में अर्जेंटीना की सबसे ऊंची माउंट एकांकाकागुआ (22,840 फीट) की चोटी पर चढ़ाई की। इसी साल रूस की कोकेशियान रेंज की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुश (18,510 फीट) पर भी चढ़ने में कामयाब हो गईं। 2016 में अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी विन्सन मासिफ (16,050 फीट) पर चढ़ाई की। इसी साल दुनियाा की सबसे ऊंची चोटी नेपाल की माउंट एवरेस्ट फतह की। वह यहां 23 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचने में कामयाब रहीं।

2017 में नेपाल में मौजूद दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मानसालु पर तिरंगा फहराया। अपर्णा दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाली पहली भारतीय ऑफिसर हैं। 2019 में वह माइनस 40 डिग्री तापमान में दक्षिणी ध्रुव तक पहुंच गई थीं। 2019 में ही उन्होंने अमेरिका की माउंट डेनाली की चढ़ाई करके 7 समिट्स पर चढ़ाई का रिकॉर्ड बना लिया था।