भारतीय जनता पार्टी ने UP Panchyat Chunav को लेकर उन्नाव जिले की 51 जिला पंचायत सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम जारी कर दिए हैं। भाजपा ने रेप केस के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह सेंगर को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके साथ ही पूर्व ब्लाक प्रमुख और पूर्व जिलाध्यक्ष को भी समर्थन दिया है। खासबात तो यह है कि विधानसभा तक पहुंचने का ख्वाब देख रहे तमाम नेता जिला पंचायत सदस्य के लिए जोर आजमाएंगे। टिकट की घोषणा के बाद से ही जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर शह मात का खेल चलने लगा।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी की गई लिस्ट में कई चेहरे नए भी हैं। हालांकि पार्टी ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर को फतेहपुर चौरासी चतुर्थ से प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश चंद्र उर्फ आनंद आवस्थी को सिकंदरपुर सरोसी प्रथम से प्रत्याशी बनाया गया है। नवाबगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह औरास द्वितीय से टिकट मिला है। आनंद अवस्थी पूर्व में उन्नाव सदर से विधानसभा सदस्य के लिए चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी। संगीता सिंह सेंगर बांगमरऊ उप चुनाव में भाजपा से टिकट मांग रही थी। हालांकि उन्हें टिकट नहीं मिला था।

वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह भी बांगरमऊ से दावेदारी कर रहे थे। नवाबगंज ब्लाक प्रमुख की सीट आरक्षित होने के बाद अरुण सिंह अपनी राजनीति मजबूत करने के लिए जिला पंचायत सदस्य बनने हेतु मैदान में आ गए।  जिला पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी प्रवेश सिंह उर्फ सिंडीकेट को बिछिया द्वितीय से प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा की लिस्ट जारी होते ही सोशल मीडिया पर बधाई देने वाला का तांता लगा रहा।