/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/04/01-1630749217.jpg)
उत्तर प्रदेश सरकार ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थल के दस वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र को तीर्थ क्षेत्र घोषित कर दिया है, जिसके बाद इस परिधि में मांस-मदिरा की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस फैसले की दी गई जानकारी के अनुसार मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्म स्थल को केंद्र में रखकर 10 वर्ग किमी क्षेत्र के कुल 22 नगर निगम वार्ड, क्षेत्र को तीर्थ स्थल के रूप में घोषित किया है। सरकार के इस फैसले के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थल के आसपास मांस मदिरा की बिक्री पूर्णत: निषेध होगी। इस सिलसिले में जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
पिछले महीने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में ही जन्माष्टमी भी मनाई थी, जिसके बाद तीर्थस्थल घोषित किए जाने का यह फैसला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल हुए योगी आदित्यनाथ ने कृष्ण जन्मस्थान पर पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन किए थे।मथुरा में मुख्यमंत्री ने कहा था कि पहले त्योहार में बधाई देने के लिए विधायक, मुख्यमंत्री यहां नहीं आते थे और जो पहले मंदिरों में जाने से डरते थे, वे अब कह रहे हैं कि राम मेरे हैं, कृष्ण भी मेरे हैं।
बता दें कि यूपी में तीर्थस्थलों के विकास का काम चल रहा है। अयोध्या, वाराणसी, मथुरा आदि में सुविधाएं पहले की मुकाबले बेहतर हो रही हैं। अयोध्या में डेढ़ साल पहले आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। माना जा रहा है कि साल 2024 से पहले तक अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |