नेशनल कांफ्रेंस ( नेकां) के जम्मू संभाग के अध्यक्ष और पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा और जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पूर्व कैबिनेट मंत्री और नेकां के वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह सलाथिया आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। 

राणा और सलाथिया ने यहाँ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Union Minister Dharmendra Pradhan), हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri), जम्मू-कश्मीर भाजपा के अध्यक्ष रविंद्र रैना की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। जम्मू कश्मीर के भाजपा प्रभारी और पार्टी महासचिव तरुण चुग ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। श्री राणा जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेकां के नेता उमर अब्दुल्ला के राजनीतिक सलाहकार रह चुके हैं।

वह राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी संगठनों की संयुक्त घोषणा के रूप में 'जम्मू घोषणापत्र' जारी किये जाने की वकालत करते रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से जम्मू क्षेत्र के लिए राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग शामिल है। 

केंद्र सरकार ने 2019 में जम्मू कश्मीर के पूर्ण राज्य के दर्जे को समाप्त कर दिया था और उसे दो केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख में विभाजित कर दिया था। आगामी जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जम्मू संभाग की ²ष्टि से इन दोनों नेताओं का भाजपा का दामन थामना नेकां के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।