/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2018/02/07/CPI-M-3-1517986745.jpg)
कुछ एग्जिट पोल में जहां त्रिपुरा में भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन की सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई है वहीं राज्य के स्थानीय लोकल न्यूज चैनलों और वेब मीडिया ऑर्गेनाइजेशन ने फिर से लेफ्ट फ्रंट की सरकार बनने की भविष्यवाणा की है। आपको बता दें कि त्रिपुरा में सीपीएम के नेतृत्व वाली लेफ्ट फ्रंट पिछले 25 साल से सत्ता में है।

इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा और आईपीएफटी का गठबंधन लेफ्ट फ्रंट के सामने बड़ी चुनौती के रूप में उभरा है। आईपीएफटी क्षेत्रीय दल है जिसकी स्थापना 1990 में हुई थी। इसका गठन इंडिजिन समुदायों के लिए अलग त्विप्रालैंड राज्य की मांग को लेकर हुआ था। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अब सिर्फ 2 दिन शेष हैं। इस बीच वेब मीडिया ऑर्गेनाइजेशन त्रिपुराइंफो ने एग्जिट पोल प्रकाशित किया है। इसमें सीपीएम के नेतृत्व वाले लेफ्ट फ्रंट की फिर से सरकार बनने की भविष्यावाणी की गई है। एग्जिट पोल में लेफ्ट फ्रंट को 40 से 49 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

वहीं भाजपा और आईपीएफटी के गठबंधन को सिर्फ 10 से 19 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों को एक भी सीट नहीं मिलेगी। त्रिपुराइंफो के एग्जिट पोल में दावा किया गया है कि एसटी के लिए रिजर्व 20 सीटों में से लेफ्ट पार्टियां 15 सीटें जीतेंगी। कोकबोरोक कैबल टीवी चैनल कोक त्रिपुरा ने एसटी के लिए रिजर्व 20 सीटों को लेकर भविष्यवाणी की है। कोक त्रिपुरा के मुताबिक 20 में से लेफ्ट पार्टियों को 4 से 7 मिलेगी जबकि भाजपा गठबंधन को 13 से 16 सीटें मिल सकती है। चैनल के मुताबिक कांग्रेस,तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों को एक भी सीट नहीं मिलेगी। लोकल कैबल टीवी चैनल दिनरात ने त्रिपुराइंफो के साथ एग्जिट पोल किया है।
राष्ट्रीय टीवी चैनल न्यूज-एक्स ने त्रिपुरा में भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन की जीत की भविष्यवाणी की थी। उसने भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन के 35 से 45 सीटें जीतने का दावा किया है। सीपीएम और लेफ्ट पार्टियों को 14 से 23 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। एक सीट अन्य दलों को मिलने का दावा किया है। एक्सिस माई इंडिया और न्यूज 24 के एग्जिट पोल में भी भाजपा गठबंधन के जीत की भविष्यवाणी की गई है। एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा गठबंधन को 44 से 50 सीटें मिलने का दावा किया गया है। लोकल कैबल टीवी चैनल हेडलाइंस त्रिपुरा व अन्य ने कहा है कि लोगों की नब्ज भाजपा के पक्ष में है। इसने भविष्यवाणी की है कि भाजपा और उसके सहयोगी दल को 54 फीसदी वोट मिलेंगे।
वहीं दिल्ली बेस्ड इंटरनेशनल पोलिंग एजेंसी सी वोटर ने त्रिपुरा में कांटे की टक्कर की भविष्यवाणी की थी। सी वोटर के मुताबिक सीपीएम और लेफ्ट पार्टियों को 44.3 फीसद वोट शेयर के साथ 26 से 34 सीटें मिलेंगी। भाजपा गठबंधन को 42.8 फीसद वोट शेयर के साथ 24 से 32 सीटें मिलेगी। सी वोटर के मुताबिक कांग्रेस 7.2 फीसद वोट शेयर के साथ 2 सीटें जीत सकती है। सीपीएम प्रवक्ता गौतम दास ने कहा कि ये सभी अटकलें हैं। उन्होंने भविष्यवाणियों पर कमेंट करने से इनकार कर दिया और कहा कि पार्टी 3 मार्च को नतीजे घोषित होने के बाद बयान जारी करेगी। त्रिपुरा में भाजपा के इंचार्ज सुनील देवधर ने कहा कि एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होते। हालांकि ट्रेंड भाजपा के पक्ष में है। पार्टी को चुनावों में दो तिहाई बहुमत मिलेगा।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |