बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए मंत्रिमंडल के विस्तार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार खत्म होने जा रहा है। इसके साथ ही अबतक जारी अटकलों का दौर भी खत्म हो जाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव2020 में मंत्रिमंडल गठन के 85 दिनों बाद अब नीतीश मंत्रिमंडल का आज यानी मंगलवार को विस्तार होने जा रहा है। मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। 

भाजपा से नौ, जबकि जदयू से आठ मंत्री शपथ ले सकते हैं। अभी नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 13 मंत्री हैं। इनमें जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री हैं। राजभवन सचिवालय से मिली जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित होगा। 

भाजपा के संभावित नाम 

नितिन नवीन, शाहनवाज हुसैन, सम्राट चौधरी, सुभाष सिंह, आलोक रंजन, प्रमोद कुमार, जनकराम

जदयू के संभावित नाम 

श्रवण कुमार, लेसी सिंह, महेश्वर हजारी, संजय झा, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, सुनील कुमार, मदन सहनी  

गौर हो कि बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं। कुल संख्या का 15 प्रतिशत हिस्सेदारी मंत्रिमंडल में हो सकती है। इसके मुताबिक बिहार में सीएम सहित कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं तो इस हिसाब से मंत्रिमंडल में 22 मंत्रियों के शामिल होने की गुंजाइश है, लेकिन एनडीए से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल इनमें से 4-5 सीट फिलहाल भविष्य के विस्तार के लिए खाली रखी जाएंगी।