कोरोना वैक्सीन जल्द आने की खबर के साथ सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ने लगी है। ऑक्सफोर्ड की कोरोना वैक्सीन की खबर से सोने के भावों में बड़ी गिरावट आ चुकी है। वैक्सीन आने की खबर से पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव करीब 1875 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहे थे, अब इसमें करीब 50 डॉलर प्रति औंस की गिरावट आ चुकी है। 

आज सुबह सोने के भाव कॉमेक्स पर 1828 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहे हैं। सोने के भावों में सोमवार को एमसीएक्स 732 रुपए की गिरावट थी और सोना 49,480 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी के भावों में 1628 रुपए की गिरावट थी और यह 60,530 रुपए प्रति किलो पर जाकर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना आज सुबह 1828 डॉलर प्रति औंस और चांदी 23.45 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है। सुबह नौ बजे बाजार खुलते साथ ही सोने में 418 रुपए की गिरावट है और चांदी में 595 रुपए की गिरावट है। 

इस तरह सोना फिलहाल 49,062 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है और चांदी 59,930 रुपए प्रति किलो के स्तर पर ट्रेड कर रही है। इस तरह पिछले 24 घंटे में सोने में करीब 1100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी के भावों में 2200 रुपए की गिरावट आ चुकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी में ये गिरावट और बढ़ सकती है। जानकारों के अनुसार जनवरी तक सोने में पांच हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक की गिरावट आ सकती है। 

गौरतलब है कि सोने-चांदी के दामों में बीते दो सप्ताह पहले उस समय बड़ी गिरावट आई थी, जब फाइजर कंपनी ने कोरोना वैक्सीन की सफलता की बात कही थी। उस समय सोने के भाव 1000 रुपए और चांदी के भाव 2000 रुपए से ज्यादा गिर गए थे। तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1958 डॉलर प्रति औंस से गिरकर कुछ ही मिनटों में 1870 डॉलर प्रति औंस तक गिर गए थे। इसके बाद मॉडर्ना की वैक्सीन आने की खबर से भी सोने के भावों गिरावट तो आई थी।