रिलायंस इंडस्‍ट्रीज के मुखिया और देश में दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली संदिग्ध कार में एक चिट्ठी भी पुलिस को बरामद हुई है। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार इस चिट्ठी में लिखा है कि मुकेश भैया, नीता भाभी ये तो सिर्फ एक टे्रलर है। अगली बार सामान पूरा होकर वापस आएगा। पूरी फैमली को उड़ाने का इंतजाम हो गया है, संभल जाना।

गौरतलब है कि गुरुवार रात को मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर एक संदिग्ध गाड़ी मिली थी। जिसमें जिलेटिन की 20 छड़ें मिली थीं। मुंबई क्राइम ब्रांच सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। वहीं मामले में सात संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस को शक है कि कार में मिली जिलेटिन की छड़ें नागपुर से आईं हैं। उन छड़ों पर नागपुर की एक कंपनी का स्टिकर है। यह भी माना जा रहा है कि करीब एक महीने तक रेकी की गई। अंबानी परिवार के मूवमेंट्स पर नजर रखी गई। गाड़ी एंटीलिया से करीब 400 मीटर दूर पार्क की गई। कोशिश और करीब पार्क करने की थी लेकिन सुरक्षा के चलते ऐसा नहीं किया जा सका।

पुलिस के अनुसार विस्‍फोटकों से भरी यह कार चोरी की है। कार में एक बैग मिला है, जिसपर मुंबई इंडियंस लिखा हुआ है। महाराष्‍ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख के अनुसार, मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मुंबई के सभी चेकपोस्‍ट पर अलर्ट है और आने-जाने वाली गाडिय़ों की तलाशी ली जा रही है।