उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के साथ पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा भी लोगों की मुसीबतें बढ़ा रहा है। रविवार सुबह से ही पश्चिमी यूपी और पंजाब के कई इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। 

दिल्ली, हरियाणा और चंड़ीगढ़ में भी कोहरे की चादर देखी जा सकती है। यूपी ईस्ट, बिहार, असम और मेघालय में भी कई इलाकों भी घना कोहरा लोगों की दिक्कतें बढ़ा रहा है। इस बात की जानकारी मौसम विभाग ने दी। मौसम विभाग ने बताया कि आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

अधिकारी ने बताया कि बहुत घना कोहरा होने के कारण पालम एवं सफदरजंग में दृश्यता कम होकर शून्य मीटर पर आ गयी है। मौसम विभाग के अनुसार दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच होती है तो वह 'बहुत घने कोहरे' की श्रेणी में आता है। 

इसी प्रकार दृश्यता 51 से 200 मीटर के बीच रहने पर घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1000 मीटर के बीच दृश्यता रहने पर कम कोहरा होता है। शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। लोधी रोड मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।