दुनियाभर के इंटरनेट को रूस की पनडुब्बियों से खतरा बन गया है। समुद्र में फैली इंटरनेट की प्रमुख केबल्स रूसी सबमरीन के चलते टूट या खराब हो सकती हैं। इस वजह से दुनियाभर में सूचनाओं का आदान-प्रदान रुक सकता है। अगर एक भी केबल इस वजह से टूटता है तो इसे 'युद्ध छेड़ने की कवायद' माना जाएगा। यह चेतावनी ब्रिटेन के नए रक्षा प्रमुख टोनी राडाकिन ने दी है।

ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख एडमिरल टोनी राडाकिन ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि रूसी पनडुब्बियां समुद्र के अंदर फैली इंटरनेट केबल्स के लिए खतरा है। जिसकी वजह से पूरी दुनिया में सूचनाओं का आदान-प्रदान रुक सकता है या बाधित हो सकता है। टोनी ने कहा कि ये केबल्स पूरी दुनिया में इंटरनेट की सप्लाई करती हैं। अगर ये बाधित हुईं तो यह माना जाएगा कि रूस ने युद्ध छेड़ दिया है।

पिछले साल अक्टूबर में ब्रिटेन के नए रक्षा प्रमुख बनाए गए एडमिरल सर टोनी राडाकिन ने कहा कि रूस ने पिछले 20 सालों में समुद्र के अंदर अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। उनकी पनडुब्बियों से प्रमुख इंटरनेट जाल को खतरा है। मॉस्को अपनी गतिविधियों की वजह से पूरी दुनिया में सूचनाओं के बहाव को रोक सकता है।