/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/04/02/russian-army-1617362349.jpg)
रूस की सेना तेजी से यूक्रेन की ओर बढ़ रही है जिसको लेकर NATO सकते में आ गया है और इसी के साथ यूराप में युद्ध का खतरा बढ़ गया है। रूसी सेना यूक्रेन की ओर टैंक, तोप आदि लेकर बढ़ रही है जिसका वीडियो वायरल हो गया है। इसी को लेकर नाटो की नॉर्थ अटलांटिक काउंसिल ने तत्काल एक आपात बैठक को आयोजित किया है। इसमें पूर्वी यूक्रेन और काला सागर क्षेत्र में रूसी सेना की आक्रामक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई है।
काउंसिल की बैठक के बाद नाटो की सैन्य समिति ने भी एक बैठक की है। जिसके बाद एक अधिकारी ने बताया कि वे सतर्क हैं और हालात पर बारीकी नजर बनाए हुए हैं। इसी हफ्ते अमेरिकी यूरोपीय कमान ने पूर्वी यूक्रेन में तनाव बढ़ने के बीच अपने चेतावनी के स्टेटस को उच्चतम स्तर का कर दिया है। इसका मतलब इस पूरे इलाके में अब युद्ध का खतरा मंडराने लगा है। हाल में ही हुई झड़प के दौरान यूक्रेन के चार सैनिकों की मौत भी हुई थी।
इस बैठक के बाद भी नाटो ने तुरंत अपनी सेना की तैनाती में कोई फेरबदल करने का संकेत नहीं दिया है। यूरोपीय यूनियन के प्रतिनिधि जोसेप बोरेल फोंटेल्स के प्रवक्ता ने कहा कि रूस ने क्रीमिया और सेवस्तोपोल को अवैध रूप से कब्जाने के बाद यहां के नागरिकों को अब सेना में शामिल करने का अभियान चला रहा है। यह अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून का एक और उल्लंघन है।
हाल में ही अमेरिका से सैन्य हथियारों से लदा एक कार्गो शिप यूक्रेन पहुंचा था। इसमें कई तरह की गाड़ियां और अन्य साजोसामान भरे हुए थे। रूस पहले से भी यूक्रेन और अमेरिका में बढ़ती हुई नजदीकी से चिढ़ा हुआ है। जिसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने चिंता जताई है कि इससे दोनों देशों के बीच युद्ध का एक नया खतरा पैदा हो सकता है। यह अभी तक साफ नहीं हो सका है कि यूक्रेन की सीमा पर रूसी सैनिकों का जमावड़ा कब शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि जितने भी वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं, वे सभी 27 मार्च 2021 के बाद के हैं। रूसी वायुसेना के कई लड़ाकू विमान भी उस क्षेत्र में अपनी गश्त को तेज किए हुए हैं। इसमें 152 मिलीमीटर की 2S19 Msta-S सेल्फ प्रोपेल्ड हॉवित्जर, BMP-3 इंफेंट्री फाइटिंग व्हीकल और सैन्य ट्रकों से भरी ट्रेन रूस को क्रीमियाई प्रायदीप से जोड़ने वाली एक रेलवे पुल से गुजर रही है।
अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठान पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि हम इस भारी सैन्य मूवमेंट को लेकर रूस से स्पष्टता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिकी सेना के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल मार्क मिले ने अपने रूसी समकक्ष जनरल वालेरी गेरासिमोव ने 31 मार्च 2021 को सैन्य मुवमेंट को लेकर जानकारी मांगी थी। लेकिन, यह स्पष्ट नहीं है कि रूस ने अमेरिकी जनरल के इस सवाल का क्या जवाब दिया था। अमेरिकी सेना के जनरल ने यूक्रेनी सेना के कमांडर-इन-चीफ रुसलान खोमच से भी बात की है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |