/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/04/13/01-1618304308.jpg)
दूसरी दुनिया के लोग यानि एलियंस और उड़न तश्तरियां (यूएफओ) हमारे लिए हमेशा से ही एक रहस्य रहे हैं। एक ओर पृथ्वी के वैज्ञानिक मंगल सहित दूसरे ग्रहों के अध्ययन और वहां जीवन की तलाश में जुटे हैं तो वहीं अब ये कहा जा सकता है कि दूसरी दुनिया के लोग भी शायद इसी खोज में जुटे हैं। अभी तक एलियंस और उनके वाहन यूएफओ के कई किस्से सुने हैं, लेकिन अब पहली बार अमरीकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ने इस बात को स्वीकारा है कि दूसरी दुनिया के लोग भी अस्तित्व में हैं और वे पृथ्वी के आस-पास उड़न तश्तरियों से चक्कर भी लगा रहे हैं। अपनी बात की पुष्टि करते हुए पेंटागन ने पहली बार आसमान में उड़ती उड़न तश्तरियों की कई फोटोज और वीडियोज जारी किए हैं।
पेंटागन ने फोटोज और वीडियो जारी करते हुए बताया कि साल 2019 में कैलिफोर्निया के तट पर अमरीकी युद्धपोतों से करीब छह यूएफओ गुजरे थे। नौसेना के कर्मियों ने खुद इनकी फोटोज ली हैं। इन उड़न तश्तरियों के आकार भी अलग-अलग बताए जा रहे हैं। नौसेना कर्मियों के अनुसार एक उड़न तश्तरी का आकार पिरामिड की तरह था। जबकि अन्य का आकार बड़े ड्रोन और गुब्बारे के समान था। इस दौरान नौसेना के कर्मियों ने न सिर्फ इनकी तस्वीरें लीं, बल्कि कई वीडियोज भी शूट किए। पेंटागन के प्रवक्ता ने बयान जारी किया है कि मैं पुष्टि कर सकता हूं कि संदर्भित तस्वीरें और वीडियो नौसेना कर्मियों द्वारा लिए गए थे। यूएपीटीएफ ने इन घटनाओं को अपनी चल रही जांचों में शामिल किया है।
नौसैनिक अभियानों के प्रमुख एडमिरल माइकल गिल्डे ने भी इस बात की पुष्टि की है कि जुलाई 2019 में रहस्यमय ड्रोनों का समूह आसमान में नजर आया था और ये रहस्यमय ड्रोन चार अमरीकी युद्धपोतों के लिए भी खतरा बन गए थे। जांच में पता चला कि ये सभी मानवरहित हवाई वाहन थे, जो कैलिफोर्निया के तट से 100 समुद्री मील दूर तक अमरीकी युद्धपोतों का पीछा करते रहे थे। इनकी गति 40 मील प्रति घंटे की थी, ये अमरीकी सैन्य ड्रोन की तुलना में काफी गतिशील और शक्तिशाली नजर आ रहे थे।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |