दांतों की बत्तीसी के बारे में सुना ही होगा आपने, लेकिन क्या कभी सुना है कि किसी शख्स के मुंह में 82 दांत हों। सुनने में अजीब लगने वाली यह बात सच हो गई हैं। बिहार में चिकित्सकों ने एक युवक के मुंह से 82 दांत निकाले हैं। यह अपनी तरह का एक अनोखा और दुर्लभ केस माना जा रहा है।

इस युवक का नाम है नितीश कुमार, उम्र है 17 साल। नितीश कुमार को काफी समय से दांतों से संबंधित समस्या हो रही थी। जब नितीश डॉक्टर्स के पास गए तो वे भी यह देखकर हैरान हो गए कि उनके मुंह में एक अजीबोगरीब जबड़ा है। डॉक्टर्स ने बताया कि नितीश पांच सालों से जबड़े के ट्यूमर से परेशान थे। इसे चिकित्सकीय भाषा में ‘ओडोन्टोम’ कहा जाता है। नितीश के जबड़े को ठीक करने के लिए उन्हें ऑपरेशन करना पड़ा। तीन घंटे तक चले ऑपरेशन में उनके जबड़े से 82 दांत निकाले गए हैं। ऑपरेशन के बाद नितीश कुमार पूरी तरह से स्वस्थ हैं।