/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/02/14/01-1613304199.jpg)
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले की दूसरी बरसी के मौके पर रविवार को जम्मू पुलिस ने यहां जनरल बस स्टैंड से सात किलो शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद कर इस प्रकार के दूसरा हमला करने की साजिश को विफल कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर जम्मू पुलिस ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर बस अड्डे के आस-पास तलाश अभियान चलाया और इस दौरान सात किलो आईईडी जब्त किया गया। सूत्रों ने बताया कि आईईडी की बरामदगी के साथ ही एक बड़े हादसे को टाल दिया गया है। जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक मुकेश सिंह ने पुलिसकर्मियों से बरामद आईईडी की जानकारी हासिल की है।
उन्होंने बताया कि हमारे पास पहले से ही इनपुट थे कि पुलवामा हमले की बरसी पर आतंकी ग्रुप्स और वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। इस वजह से हम लोग हाई अलर्ट पर थे। उन्होंने बताया, ''बीती रात हमने एक सोहेल नामक शख्स को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6-6.5 किलो के आईईडी जब्त किया गया।'' उन्होंने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ने खुलासा किया है कि वह चंडीगढ़ में पढ़ाई करता है और उसे पाकिस्तान के अल बदर तंजीम से आईईडी प्लांट करने को लेकर मैसेज मिला था।
पुलिस अधिकारी मुकेश सिंह ने पाकिस्तान की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए कहा कि सोहेल को आईईडी लगाने के लिए तीन से चार जगहों का टारगेट दिया गया था। इसके बाद उसे श्रीनगर की फ्लाइट पकड़नी थी, जहां उसे अल बदल तंजीम का ग्राउंड वर्कर अतहर शकील खान उसे रिसीव करता। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ का रहने वाला एक काज़ी वसीम को भी इस मामले की जानकारी थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, एक आबिद नबी नामक शख्स को भी अरेस्ट किया गया है। मुकेश सिंह ने कहा कि पिछली रात, हमने 15 छोटे आईईडी और 6 पिस्तौलें सांबा सेक्टर से बरामद की हैं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |