
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि उसने यहां एक कोविड-19 क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को अपने गृह राज्य लौटने की अनुमति दे दी है।
मध्य पटना के पुलिस अधीक्षक तिवारी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की जांच के सिलसिले में रविवार को मुंबई पहुंचे थे। यहां पहुंचने के साथ ही उन्हें 15 अगस्त तक के लिए क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया गया था।
सुशांत आत्महत्या मामले में जांच करने मुंबई गए एसपी विनय तिवारी पटना लौट रहे हैं। उन्हें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने जबरन क्वारंटाइन कर रखा था। इस संबंध में एसपी ने कहा कि उन्होंने मुझे नहीं, जांच को क्वारंटाइन कर दिया था। बिहार पुलिस द्वारा की जा रही जांच को बाधित किया गया।
निगम के एक अधिकारी ने बताया कि तिवारी को क्वारंटाइन दिशा निर्देशों से छूट दी गई है और उन्हें अपने गृह राज्य लौटने की अनुमति दे दी गई है। बिहार पुलिस ने वृहस्पतिवार को मुंबई के निगम आयुक्त को पत्र लिखकर तिवारी को क्वारंटाइन दिशानिर्देश से छूट देने और उन्हें लौटने की सुविधा प्रदान करने को कहा था।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |