मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्‍सों में आज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे पहले बीते दिन इन सभी जगहों पर बर्फीले तूफान की भी आशंका जताई गई थी। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्‍पन्‍न हो रहा है, जिसका प्रभाव 5 मार्च से शुरू हो जाएगा। इसके चलते 6 से 8 मार्च तक देश के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

विभाग के मुताबिक, 6-7 मार्च को पंजाब में हल्की बारिश की संभावना है। 7 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की बारिश व ओले पड़ने की आशंका भी जताई गई। वहीं 7 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ आंधी की संभावना बनी हुई है।इस हफ्ते अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और असम के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया जा रहा है। 

दिल्ली में इस हफ्ते मौसम का मिलाजुला मिजाज दिखेगा। अगले 6 दिनों तक यहां के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 5 मार्च को दिल्ली में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 मार्च तक राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक रह सकता है और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक पहुंच सकता है। बता दें कि कई राज्यों में तापमान 38 डिग्री से 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं, बीते दो महीनों के मौसम ने भी गर्मी के मामले में कई रिकॉर्ड तोड़े हैं।