/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/11/13/naxalites-1636787926.jpg)
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सड़क निर्माण का निरीक्षण करने गए एक इंजीनियर को नक्सलियों (naxalites) ने अगवा कर लिया। लेकिन अब इंजीनियर की तलाश में उनकी पत्नी अपने बच्चे को लेकर जंगल में निकल पड़ी है। इतना ही नहीं उसने नक्सलियों से गुहार लगाई है कि वो उनके पति को सकुशल छोड़ दें।
सब इंजीनियर अजय रोशन लकड़ा बीजापुर के पीएमजीएसवाई (PMGSY) में कार्यरत हैं। वो गुरुवार की दोपहर 1 बजे चपरासी लक्ष्मण के साथ परतागिरी गोरना मनकेली क्षेत्र में चल रहे सड़क के काम का निरीक्षण करने गए थे। लेकिन दोनों वापस मुख्यालय नहीं आए। विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों ने कहा कि कुछ लोग सब इंजीनियर औऱ चपरासी को जंगल की तरफ ले गए हैं। जानकारी जुटाने पर पता चला कि नक्सलियों ने दोनों को अगवा कर लिया है। इसके बाद इंजीनियर के परिवार में हड़कंप मच गया। उनकी पत्नी अर्पिता ने नक्सलियों से अपील की है कि पति को सकुशल रिहा करें।
इंजीनियर की पत्नी अर्पिता ने नक्सलियों से गुहार लगाते हुए कहा कि एक बहन की फरियाद सुनें। मानवता का परिचय दें। मेरे पति एक अच्छे इंसान हैं। जब से हमें उनके अगवा होने की खबर मिली है, तब से हमने कुछ नहीं खाया। मेरा 3 साल का बेटा है, वो भी अपने पापा को याद कर रहा है। मेरे मासूम बेटे के सिर पर पिता का साया सलामत रहे, ये एक मां और पत्नी की फरियाद है।
हालांकि, चपरासी लक्ष्मण परतागिरी सकुशल अपने घर पहुंच गया है। लेकिन उसने अभी तक कुछ भी नहीं बताया है। चपरासी का बस इतना ही कहना है कि दोनों को अलग-अलग रखा गया था। जंगल में जनअदालत लगाई गई। उसके बाद उसे वापस जाने दिया गया। लेकिन सब इंजीनियर को रिहा नहीं किया गया।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |