
उत्तर प्रदेश में बरेली के नवाबगंज विधान सभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक केसर सिंह का आज कोरोना से निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे तथा पिछले कई दिनों से नोएडा स्थित निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। उनका नोएडा में यथार्थ हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।
केसर सिंह बसपा से 2009 में विधान परिषद सदस्य चुने गए। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा में शामिल हुए थे। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री सन्तोष गंगवार और भाजपा नेताओं ने शोक जताया है। वह यूपी और बीजेपी के तीसरे विधायक हैं, जिनका कोरोना की दूसरी लहर में अब तक निधन हो चुका है। दरअसल पिछले दिनों विधायक केसर सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, परिवार ने उनका बरेली में इलाज शुरू कराया मगर बेहतर इंतजाम नहीं मिल पाने से उनकी तबितयत बिगड़ती जा रही थी।
इसे लेकर उनके बेटे विशाल गंगवार ने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया तक पर बयां की थी। हालांकि इसके बाद प्रदेश सरकार हरकत में आई थी और उनके इलाज का इंतजाम नोएडा के अस्पताल में करा दिया था।पारिवारिक सूत्र बताते हैं कि एक दिन पहले तक विधायक की तबियत सुधरती नजर आ रही थी। बुधवार को उनका स्वास्थ्य अचानक ज्यादा बिगड़ गया। डॉक्टर जुटे रहे मगर उनको बचाया नहीं जा सका।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |