पृथ्वी पर आ रहा तबाही का देवता टकराया तो प्रलय होगी। यह किसी फंतासी हॉलीवुड फिल्म का टीजर नहीं बल्कि अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिकों की ओर से जारी की गई चेतावनी है। उन्होंने यह चेतावनी तेजी से पृथ्वी की ओर बढ़ रहे विशाल ऐस्टरॉइड पर लंबे अध्ययन के बाद जारी की है। माना जा रहा है कि अगले 48 साल में महाविनाशक ऐस्टरॉइड पृथ्वी से टकरा सकता है। 

जानकारी के अनुसार हवाई विश्वविद्यालय के खगोलविदों ने इस बात की पुष्टि की है कि ऐस्टारॉइड अपोफिस गति पकड़ रहा है। इसके टकराने पर 88 करोड़ टन टीएनटी के बराबर ऊर्जा पैदा होगी। यह ऐस्टरॉइड 12 अप्रेल 2068 को पृथ्वी से टकरा सकता है। इसके टकराने से पृथ्वी पर महाविनाश आ सकता है। यह ऐस्टरॉइड करीब एक हजार फीट चौड़ा है और इसका असर 88 करोड़ टन टीएनटी के विस्फोटक के बराबर होगा। अपोफिस ऐस्टरॉइड की खोज एरिजोना की वेधशाला ने छह साल पहले की थी। इसके बाद से इस ऐस्टरॉइड पर वैज्ञानिकों की नजर है। 

जानकारी के अनुसार अपोफिस के विश्लेषण के बाद पाया कि इसने गति पकड़ ली है। इसमें पाया गया कि ऐस्टरॉइड सूर्य की रोशनी में गरम हो रहा है। नासा ने इस ऐस्टरॉइड को तीसरा सबसे बड़ा खतरा करार दिया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह ऐस्टरॉइड निकेल और लोहा से बना है तथा रेडॉर इमेज से पता चलता है कि यह लंबा हो रहा है। इसका आकार अब मूंगफली की तरह से होता जा रहा है। हालांकि शोधकर्ताओं ने यह भी कहा कि अभी और ज्यादा अध्ययन की जरूरत है। इससे पहले के शोध में कहा जा रहा था कि इस ऐस्टरॉइड के टकराने की संभावना केवल 2.7 प्रतिशत ही है।