/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/04/02/corona-in-mumbai-1617347989.jpg)
मुंबईवासियों को जरा सावधान हो जाने की जरूरत है क्योंकि सरकार आज पाबंदियों का ऐलान कर सकती है जिसके तहत धार्मिक स्थान बंद होने के साथ ही ऑफिस में शिफ्ट में काम शुरू हो सकता है। गौरतलब है कि मुंबई में कोरोना के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 1 अप्रैल को महानगर में 8646 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि होटलों में बैठने की क्षमता को 50 प्रतिशत तक कम करने के लिए कहा जा सकता है और धार्मिक स्थान पूरी तरह से बंद हो सकते हैं क्योंकि 'लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं'। इसके अलावा ट्रेन यात्रा पर भी सख्ती बरती जा सकती है और पूर्व की तरह केवल आवश्यक सेवा कर्मचारियों तक ही सीमित रह सकती है।
मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि निजी कार्यालयों को दो शिफ्टों में काम करने के लिए कहा जा सकता है। मुंबई में बेड की संख्या 16,000 से बढ़ाकर 25,000 कर दी गई है। मुंबई में कल 18 लोगों की मौत हुई है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक्टिव केस करीब 60000 होने को हैं। बुधवार को भी 5000 से ज्यादा केस आए थे। लेकिन अब भी मुंबई के बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए घूमते मिल जाएंगे। ऐसे वक्त में भी लोग कोरोना गाइडलाइंस का पालन नहीं कर रहे। इस वजह से बीएमसी आज नई पाबंदियों का ऐलान कर सकती है।
शुक्रवार को देश में कोरोना के 81 हजार से अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं। जो साल 2021 का सबसे बड़ा आंकड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 469 लोगों की कोरोना के कारण मौत हुई है। इसी के साथ अब देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 6 लाख को पार कर गई है।
सबसे बुरी हालत महाराष्ट्र की है, जहां बीते दिन रिकॉर्ड 43 हजार से अधिक केस सामने आए। कोरोना की शुरुआत से लेकर अबतक किसी भी एक राज्य में एक दिन में इतने केस दर्ज नहीं किए गए हैं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |