/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/03/02/01-1614681344.jpg)
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं। फोर्ब्स की 35वीं सालाना लिस्ट के मुताबिक अंबानी दुनिया से 10वें सबसे बड़े रईस हैं और एशिया में पहले नंबर पर हैं। पिछले साल इस सूची में चीन की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के कर्ताधर्ता जैक मा एशिया के सबसे बड़े रईस थे। अंबानी की नेटवर्थ 84.5 अरब डॉलर है। जैक मा 48.4 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस सूची में 26वें स्थान पर फिसल गए हैं।
अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी 50.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 24वें स्थान पर हैं। पूनावाला ग्रुप के चेयरमैन और दुनिया में सबसे ज्यादा वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के फाउंडर साइरस पूनावाला इस लिस्ट में 12.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 169वें नंबर पर हैं। दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टैक्नोलॉजीज के फाउंडर और भारत के तीसरे सबसे बड़े रईस शिव नाडर इस सूची में 23.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 71वें स्थान पर हैं।
दुनिया में सबसे ज्यादा 724 अरबपति अमेरिका में हैं। पिछले साल अमेरिका में अरबपतियों की संख्या 614 थी। इस तरह एक साल में इस सूची में 110 नए लोग जुड़े हैं। चीन में अरबपतियों की संख्या अब 698 हो गई है जो पिछले साल 456 थी। भारत में अरबपतियों की संख्या 140 है। पिछले साल भारत में अरबपतियों की संख्या 102 थी। जर्मनी में यह संख्या 136 और रूस में 117 है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |