/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/10/16/01-1602828426.jpg)
बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नीतीश कुमार सरकार में पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कामत को कुछ दिन पहले ही पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। सांस की तकलीफ के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हाल ही में प्रदेश सरकार के एक और मंत्री विनोद सिंह का भी निधन हुआ था। अब नीतीश कैबिनेट के दूसरे साथी कामत की मौत कोरोना वायरस से हो गई। वहीं सीएम नीतीश कुमार ने मंत्री कपिलदेव कामत के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि 11 मई 1951 को मधुबनी जिले में अनोखी कामत के घर जन्में कपिलदेव कामत उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर पाए, लेकिन राजनीति में उनकी सक्रियता महज 29 वर्ष की उम्र 1980 में ही काफी बढ़ गई थी। वर्ष 1985 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में कामत बाबूबरही सीट से निर्दलीय मैदान में उतर आए, लेकिन वह चुनाव हार गए। कामत पूर्व विधायक गुणानंद झा और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा के साथ कांग्रेस में काफी सक्रिय रहे।
बाद में वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। फरवरी 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में कामत को जदयू ने बाबूबरही से अपना उम्मीदवार बनाया, लेकिन राजद प्रत्याशी प्रो. उमाकांत यादव ने उन्हें धूल चटा दी। नवंबर 2005 के चुनाव में जदयू ने कामत को फिर टिकट दिया लेकिन इस बार उन्होंने राजद के प्रो. उमाकांत यादव को हरा दिया। वर्ष 2015 के चुनाव में वह फिर जीते और उन्हें नीतीश सरकार में पंचायती राज मंत्री बनाया गया था।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |