पश्चिम बंगाल में असम के कद्दावर भाजपा नेता और मंत्री के काफिले पर हमला किया गया। हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। उनके वाहनों में तोड़फोड़ भी की। असम के मंत्री हेमंत विस्व शर्मा के साथ पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष भी थे। तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने उनकी गाड़ी को भी निशाना बनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व मेदिनीपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार दिलीप घोष असम के मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा के साथ पूर्वी मेदिनीपुर जिला के खेजुरी के कुंजपुर इलाके में चुनाव प्रचार करने गये थे।

इसी दौरान उनके काफिले पर हमला किया गया। घटना मंगलवार की शाम की है। हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। उनकी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिये। हिंसा की इस वारदाता में भाजपा के कम से कम 20 कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात सामने आयी है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि हमला तृणमूल कांग्रेस की शह पर हुआ है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

उन्होंने कहा है कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। इधर, असम के मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि काफिले पर हमला के दौरान राज्य पुलिस वहां खड़ी सब कुछ देखती रही। सीआरपीएफ जवानों की वजह से सभी लोग वहां से सुरक्षित निकल पाये। घटना को लेकर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है।