/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/11/10/01-1604986659.jpg)
मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा उपचुनावों के लिए मतगणना के दौरान आज तीन घंटों में मिले रुझानों में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 18 और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस 09 सीटों पर आगे है। सुबह 11 बजे तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार एक अन्य सीट पर बसपा आगे है।
सांवेर से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रेमचंद गुड्डू से तीन दौर की मतगणना के बाद लगभग 7000 वोट से आगे हैं। सुरखी से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत भी बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि मुरैना जिले के सुमावली से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री ऐदल सिंह कंसाना कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह से और दिमनी में कृषि राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी गिर्राज डंडोतिया कांग्रेस के रवींद्र सिंह तोमर से पीछे हैं। मुरैना में बसपा प्रत्याशी रामप्रकाश राजोरिया और भांडेर से बसपा उम्मीदवार फूल सिंह बरैया भी मुकाबले में दिख रहे हैं।
वहीं बिहार विधानसभा चुनाव की आज जारी मतगणना में पूर्वाह्न दस बजे तक जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार 66 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है वहीं महागठबंधन प्रत्याशी 61 सीटों पर आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 35, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 26 और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से पांच सीट पर आगे चल रहे हैं। वहीं, महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 40, कांग्रेस, 14, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) छह और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रत्याशी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
इसी तरह राजग से अलग चुनाव लड़ रही लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) तीन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) दो और सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार बायसी विधानसभा क्षेत्र में आगे है। बहादुरपुर विधान सभा क्षेत्र में जदयू उम्मीदवार एवं मंत्री मदन सहनी राजद के रमेश चौधरी से 1221 मतों के अंतर से पीछे चल रहे हैं वहीं बांका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार एवं मंत्री राम नारायण मंडल राजद के जावेद इकबाल अंसारी पर 622 मतों का अंतर बनाए हुए हैं। इसी तरह दिग्गज नेता शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी बिहारीगंज में जदयू नेता निरंजन कुमार मेहता से 1271 वोट से पीछे चल रही हैं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |