लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज स्वीकार किया कि बिहार विधानसभा की पांच सीटों के लिए हुए उप चुनाव के परिणाम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे, जो चिंता का विषय है।
बिहार के जमुई से सांसद चिराग पासवान ने यहां पार्टी के प्रदेश कायार्लय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समस्तीपुर (सुरक्षित) सीट से पार्टी के उम्मीदवार प्रिंस राज को उप-चुनाव में बड़ी जीत मिली है। इस सीट से पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित कराने के लिए राजग के नेताओं ने कड़ी मेहनत की।
उन्होंने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा के उप चुनाव में राजग के कार्यकर्ता और नेता पूरी एकजुटता के साथ लगे रहे, जिसका परिणाम सभी के सामने है। सांसद ने कहा कि विधानसभा के उप चुनाव में जिन सीटों पर राजग की हार हुई है उसके कारणों की समीक्षा की जाएगी। उप चुनाव में हार से राजग निराश नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि उप चुनाव में गठबंधन का प्रदर्शन जिस तरह से होना चाहिए वह नहीं हो सका, जो चिंता का विषय है।


बिहार में पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे चौंकाने वाले हैं। इन नतीजों ने कई राजनैतिक पंडितों का गणित गड़बड़ा दिया है। वहीं पांच बातें हैरत में डालने वाली हैं। बिखरे हुए महागठबंधन के खेमे में खुशी और एकजुट दिख रहे एनडीए के पाले में मायूसी है तो ओवैशी की आमद ने राजद के माई समीकरण सहित कांग्रेस और जदयू को भी बेचैन कर दिया है।


जनता ने जिन चुनावों को चंद माह पहले सिर-आंखों पर चढ़ाया, उन्हें ही उपचुनाव में आंखें दिखा दीं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के जेल में होने के बाद भी उसके खाते में दो सीटें आईं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के भी कई चुनावी सभाओं में न जाने का कारण उनकी बीमारी बताया गया। इन हालात में भी पार्टी की दो सीटें बढ़ना चौंका रहा है।