मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव बिजन धर ने एक बार फिर दावा किया है कि विपक्ष के षड्यंत्रों के बावजूद त्रिपुरा में आठवीं बार वाम मोर्चे की ही सरकार बनेगी। 

धर ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक ही सिक्के के दो हिस्से हैं, लेकिन लोकतंत्र के लिए कांग्रेस भाजपा की तुलना में बेहतर है। 

कांग्रेस अभी भी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा में विश्वास रखती है जबकि भाजपा पूरी तरह से धार्मिक कट्टरता से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि राज्य के शांति प्रिय लोग किसी साम्प्रदायिक पार्टी को सत्ता में नहीं आने देंगे। 

उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार के विरोध में कोई लहर नहीं है और जनता पूरी तरह से वाम मोर्चा सरकार के साथ है। 

उन्होंने कहा, 'भाजपा कार्यकर्ताओं ने माकपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए लेकिन वह इसका गलत प्रचार कर रही है। लगभग हर दिन हमारे पार्टी दफ्तरों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हमले किए जा रहे हैं और दिन ब दिन भाजपा के आतंक बढ़ते जा रहे हैं। वे लोग त्रिपुरा में कानून-व्यवस्था को बिगाडऩा चाहते हैं ताकि वे आसानी में सत्ता हासिल कर सके।'