लोकसभा चुनाव नतीजे आने में अभी एक दिन का वक्त बाकी है, लेकिन अभी एग्जिट पोल्स के मुताबिक एनडीए की सरकार एक बार फिर से बनने वाली है। वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर की बात की जाए तो यहां लोकसभा की दो सीटें (आंतरिक मणिपुर-बाहरी मणिपुर) हैं। पिछले लोकसभा चुनाव  में इस राज्य की दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में गई थी। आंतरिक मणिपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी से के के रंजन सिंह, कांग्रेस से ओ नाबाकशोर सिंह और नॉर्थ ईस्ट इंडिया डेवलपमेंट पार्टी से आर के आनंद चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बाहरी मणिपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी से एच शोखोपाओ मेट बेंजामिन, कांग्रेस से के जेम्स और एनपीएफ से लोरो एस पफोजे चुनाव लड़ रहे हैं।

बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में इनर मणिपुर सीट से कांग्रेस पार्टी के डॉ. थोकचोम मेन्या ने जीत दर्ज की थी। वो तीसरी बार यहां से सांसद चुने गए हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में उनको दो लाख 92 हजार 102 वोट यानी कुल मतदान का 46 फीसदी वोट मिले थे। डॉ. थोकचोम मेन्या ने अपने प्रतिद्वंदी सीपीआई के मॉयरांग थेम को 94 हजार 674 मतों से करारी हार दी थी। इस चुनाव में मॉयरांग थेम को एक लाख 97 हजार 428 वोट मिले थे। इनर मणिपुर लोकसभा सीट से सांसद डॉ. थोकचोम मेन्या का जन्म इंफाल वेस्ट में 12 अक्टूबर 1945 को हुआ था। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उन्होंने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी और उस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमएससी, एलएलबी, एमफिल और पीएचडी की डिग्री हासिल की है। वो सांसद के अलावा पेशे से टीचर, वकील, साइंटिस्ट हैं।

आउटर मणिपुर लोकसभा सीट की बात की जाए तो 2014 के चुनाव में कांग्रेस के थांग्सो बैटे (Thangso Baite) ने NPF के सोसो लोराहो (Soso Lorho) को हराया था। कांग्रेस प्रत्याशी को 296770 और दूसरे नंबर पर रहने वाले NPF प्रत्याशी को 281133 वोट मिले थे। 2014 की डाटा के मुताबिक यहां मतदाताओं की कुल संख्या 918966 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 454309 और महिला मतदाताओं की संख्या 464657 है। यहां की कुल आबादी 2,721,756 है। इनमें पुरुषों की संख्या 1,290,171 और महिलाओं की संख्या 1,280,219 है। सेक्स रेशियो 992 है। यहां 53 फीसदी लोग मैटी ( Meitei) भाषा बोलते हैं। 42 फीसदी लोग हिंदू धर्म को मानते हैं,  वहीं 42 फीसदी क्रिश्चन धर्म को भी मानते हैं। इस्लाम को मानने वालों की भी 9 फीसदी आबादी है। बीजेपी ने बेंजामिन मेट को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने के जेम्स को मैदान में उतारा है। इस सीट से कुल 8 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है।

भीतरी मणिपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र मणिपुर राज्य की दो संसदीय सीटों में से एक है। इस लोकसभा क्षेत्र में 32 विधानसभा क्षेत्रों को समाहित किया गया है। यहां के मूल निवासी मेइती जनजाति के लोग हैं, जो यहां के घाटी क्षेत्र में रहते हैं। इस क्षेत्र में महाभारत कालीन स्मारक मिलते हैं। महारथी अर्जुन राजा चित्रवहाना की हेटी चित्रांगदा का प्रेम यहीं परवान चढ़ा था। योद्धा बाबरूवासन, अर्जुन और मणिपुर की राजकुमारी चित्रांगदा के पुत्र थे। गोविंद जी मंदिर, खारीम बंद बाजार, युद्ध कब्रिस्तान, शहीद मीनार, लोकटक झील, कीबुल लामजो राष्ट्रीय उद्यान यहां के महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल हैं। हथकरघा उद्योग राज्य का सबसे बड़ा कुटीर उद्योग है। यहां की साड़ी, चादर, पर्दे, फैशनवाले कपड़े, स्कार्फ व तकिए के कवर बनाने के कई कारखाने हैं। आयरन लेडी इरोम शर्मिला और बॉक्सिंग की विश्व चैंपियन मैरी कॉम यहीं की रहने वाली हैं। बाहरी मणिपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र मणिपुर राज्य की दो संसदीय सीटों में से एक है। इस लोकसभा क्षेत्र में 28 विधानसभा क्षेत्रों को समाहित किया गया है। इसकी राजधानी इंफाल है। इस क्षेत्र से नागालैंड, मिजोरम और असम की सीमाएं जुड़ती हैं। इसके अलावा यह क्षेत्र म्यांमार से अंतरराष्ट्रीय सीमा बंटती है। यह क्षेत्र वनस्पतियों व जीव-जंतुओं के कारण भारत का आभूषण और पूरब का स्विट्जरलैंड कहलाता है। यहां विलक्षण फूल-पौधे, निर्मल वन, लहराती नदियां, पहाड़ियों पर छाई हरियाली पर्यटकों को खूब लुभाती है। यहां के दर्शनीय स्थलों में इम्फाल, उख्रुल की पहाड़ियां शामिल हैं।