किसानों ने 8 दिसंबर को 'भारत बंद' का ऐलान किया है जिसको कई राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ लगातार किसानों का प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने 8 दिसंबर को भारत बंद का समर्थन करने का फैसला किया है।

खेड़ा ने कहा कि हम अपने पार्टी कार्यालयों पर भी प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी का ये कदम किसानों के आंदोलन को और मजबूत करेगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रदर्शन सफल रहे। बता दें कि दूसरे राज्यों के किसानों ने भी भारत बंद के लिए अपना समर्थन दिया है। कर्नाटक के किसानों ने भी इस आंदोलन के लिए अपना समर्थन जाहिर किया है।

भारत बंद को आम आदमी पार्टी ने भी अपना समर्थन दिया है। पार्टी राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर सभी राज्यों में AAP के कार्यकर्ता किसानों के भारत बंद के समर्थन में उतरेंगे। दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा, यह लड़ाई किसानों की नहीं, देश की है।

टीआरएस ने भी किसानों के समर्थन को 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। तेलंगाना राष्ट्र समिति ने रविवार को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ विभिन्न किसान संगठनों द्वारा 8 दिसंबर को भारत बंद को समर्थन दिया है।

तमिलनाडु में विपक्षी दलों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का समर्थन दिया। DMK, कांग्रेस, CPI (M), CPI, VCK, MDMK और सहयोगी दलों ने किसानों के विरोध को समर्थन दिया है।