राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भी विधायक ददन सिंह पहलवान, पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान और भागवान सिंह कुशवाहा समेत 15 बागी नेताओं को दल विरोधी काम करने के आरोप में छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। 

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को यहां कहा कि दल विरोधी कार्यों में लिप्त रहने के कारण विधायक, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री समेत 15 नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए छह साल के लिए दल से निष्कासित कर दिया गया है। जदयू से निष्कासित किए गए बागी नेताओं में डुमरांव के निवर्तमान विधायक ददन सिंह यादव, पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान, पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक रणविजय सिंह, चकाई के पूर्व विधायक सुमित कुमार सिंह, जदयू महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कंचन कुमारी गुप्ता तथा अतिपिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य प्रमोद सिंह चंद्रवंशी शामिल हैं। 

गौरतलब है कि इससे पहले बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बगावत कर दूसरे दलों से चुनाव लडऩे वाले 9 नेताओं को पार्टी विरोधी कार्य के लिए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया कि निष्कासित होने वाले नेताओं में रोहतास के राजेंद्र सिंह व रामेश्वर चैरसिया, पटना की उषा विद्यार्थी, झाझा के रवींद्र यादव, भोजपुर की श्वेता सिंह, जहानाबाद की इन्दु कश्यप, पटना के अनिल कुमार, मृणाल शेखर और जमुई के अजय प्रताप शामिल हैं। जायसवाल ने इस सभी नेताओं को पत्र लिखकर कहा, आप लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, इससे राजग के साथ-साथ पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। यह पार्टी के अनुशासन विरूद्ध कार्य है।