/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/12/01-1631430232.jpg)
इजराइल की अति सुरक्षित मानी जाने वाली गिल्बोआ जेल से फरार हुए छह फिलिस्तीनी कैदियों में से चार को इजरायल ने पकड़ लिया है। गौरतलब है कि फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिए गए इस जेल ब्रेक ने इजरायल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। कैदी कई दिनों तक चम्मच से खोद-खोद कर सुरंग बनाते रहे और किसी को कानोंकान खबर ही नहीं हुई। स्थानीय मीडिया के अनुसार इनमें से पांच कैदी इजरायली नागरकों पर हमले के सिलसिले में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। वहीं एक कैदी पर हत्या की कोशिश समेत दो दर्जन अपराधों के मुकदमे चल रहे हैं।
इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि इन कैदियों ने कैसे अपने सेल के टॉयलेट में ही चम्मच से खोद-खोदकर सुरंग बना ली थी। कैदियों ने बाथरूम में लगे सिंक के नीचे से यह सुरंग खोदी थी। अनुमान है कि जंग लगे चम्मचों की मदद से कई दिनों तक वो लोग सुरंग खोदते रहे होंगे और बारी-बारी से वो इस काम को अंजाम देते थे।
जेल से कैदियों के फरार होने की खबर मिलते ही जेल में रखे गए लगभग 400 कैदियों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि भागे हुए इन कैदियों में से पांच इस्लामिक जिहाद संगठन से संबंधित हैं। वहीं एक शख्स उसी से जुड़े एक सशस्त्र समूह का पूर्व कमांडर भी रह चुका है। पुलिस अधिकारी कैदियों के आसपास ही कहीं छिपे होने की आशंका जता रहे हैं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |