आईपीएल 2021 की विजेता फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) (CSK) की ओर से टूर्नामेंट के 2022 (IPL 2022) संस्करण के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) सहित रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को टीम में रिटेन करने, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को कप्तान बनाए रखने के साथ-साथ एनरिक नॉत्र्जे और अक्षर पटेल को अपने साथ जोड़े रखने की जानकारी सामने आई है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरेश रैना चेन्नई से रिलीज होंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को जाने देगा। इसकी एक वजह श्रेयस की दिल्ली का नेतृत्व करने की इच्छा है जो पंत के साथ संभव नहीं होगी, जिन्हें फ्रेंचाइजी के मालिकों से काफी समर्थन मिला है। इस बीच रैना आईपीएल 2020 में अपने खराब फॉर्म के साथ पहली पसंद नहीं रह गए हैं। जानकारी यह भी है कि सीएसके चौथे रिटेंशन के रूप में इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली (Moeen Ali) के साथ बातचीत कर रहा है। उनकी स्पिन गेंदबाजी भारत में उपयोगी साबित हो सकती है। उनके मना करने पर सैम करेन को रिटेन किया जा सकता है। 

यह भी समझा जाता है कि अधिकतर फ्रेंचाइजियों ने रिटेन खिलाड़ियों की सूची बना ली है, लेकिन अभी तक उसे उजागर नहीं किया है। दरअसल आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) (BCCI) ने सभी फ्रेंचाइजियों को रिटेन खिलाड़ियों की सूची 30 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक जमा करने को कहा है। खबरों के मुताबिक सीएसके धोनी को रिटेन करने का मन बना चुका है। इसकी पूरी उम्मीद है कि शायद यह धोनी का आखिरी आईपीएल हो। इस सूची में दूसरा नाम जडेजा का माना जा रहा है जो सीएसके के प्रमुख खिलाड़ी हैं। 

इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) भी रिटेन हो सकते है। चेन्नई को रवींद्र जडेजा, फाफ डू प्लेसिस, ऋतुराज गायकवाड़, सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो और दीपक चाहर जैसे खिलाड़ियों में से चयन करना है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह का रिटेन होना पक्का माना जा रहा है, जबकि कीरोन पोलार्ड पर चर्चा चल रही है। इस सूची में ईशान किशन भी हो सकते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से विदेशी खिलाड़ियों को सुनील नारायण (Sunil Narayan) और आंद्रे रसेल को रिटेन किया जा सकता है। पंजाब किंग्स से लोकेश राहुल को रिलीज किया जा सकता है, क्योंकि वह खुद ही टीम छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं। टीम के रिटेंशन खिलाड़ियों की सूची में वैसे तो अभी कोई खिलाड़ी प्राथमिकता में नहीं है, लेकिन समझा जाता है कि मयंक अग्रवाल और शाहरुख खान को रिटेन किया जा सकता है।

इसी तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पूर्व कप्तान विराट कोहली, (Virat Kohli) ग्लेन मैक्सवेल, युजवेंद्र चहल और देवदत्त पडिकल, राजस्थान रॉयल्स अपने दो प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों जॉस बटलर और बेन स्टोक्स को रिटेन कर सकता है। उनकी फिटनेस और उपस्थिति के आधार पर ही उन्हें रिटेन किया जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद में फिलहाल केवल कप्तान केन विलियम्सन और करिश्माई स्पिनर राशिद खान को रिटेन करने की ही चर्चा चल रही है। उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन होने वाला है। इससे पहले पुरानी आठ फ्रेंचाइज को अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की इजाजत दी गई है, जबकि अन्य सभी खिलाड़ी ऑक्शन में उतरेंगे। वहीं इस बार राइट टू मैच कार्ड के विकल्प को भी हटा दिया गया है। दो नई टीमों को नीलामी में उतरे खिलाड़ियों में से तीन-तीन खिलाड़ियों को चुनने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद मेगा ऑक्शन होगा।